
हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के वार्ड नम्बर 57 में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना में गली से गुजर रहे एक मासूम बच्चे पर अचानक एक आक्रामक कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे इलाके में हडक़ंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बच्चा अपने घर के पास गली से गुजर रहा था, तभी एक कुत्ता उस पर झपट पड़ा और काटने का प्रयास करने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद वार्ड निवासी विकास शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ा लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कुत्ता अचानक हमला करता है और फिर विकास शर्मा बच्चे को बचाते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। वार्डवासियों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकडऩे के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

