
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र की कैनाल कॉलोनी स्थित राजकीय चिकित्सालय में डिजिटल एक्स-रे मशीन की कमी के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी प्रवीण जैन के नेतृत्व में सदस्यों ने गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर तत्काल मशीन उपलब्ध करवाने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि कैनाल कॉलोनी, रिले केन्द्र के नजदीक स्थित इस राजकीय चिकित्सालय में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए आते हैं। लेकिन यहां डिजिटल एक्स-रे मशीन (300 एमए एंड सीआर सिस्टम) उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को आवश्यक जांच के लिए निजी लैब्स का सहारा लेना पड़ता है। इससे विशेष रूप से गरीब और मध्यम आय वर्ग के मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। प्रवीण जैन ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री नि:शुल्क जांच योजना का उद्देश्य आमजन को सस्ती और सुलभ चिकित्सा सुविधा प्रदान करना है, लेकिन इस अस्पताल में आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण योजना का पूरा लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। यदि यहां डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित की जाती है, तो मरीजों को तत्काल और निशुल्क जांच सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में मरीजों को एक्स-रे जांच के लिए दूर-दराज स्थित निजी केन्द्रों पर जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। कई बार आपात स्थिति में भी जांच में देरी होने से उपचार प्रभावित होता है। मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि कैनाल कॉलोनी स्थित इस राजकीय चिकित्सालय को मुख्यमंत्री नि:शुल्क जांच योजना में शामिल करते हुए डिजिटल एक्स-रे मशीन शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए। इस मौके पर निहाल सिंह, दुर्गा प्रसाद शर्मा, दिनेश शर्मा, साहिल गर्ग, ओमप्रकाश बाबल मौजूद थे।

