
श्रीगंगानगर ।वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होते ही तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया है। भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने शुक्रवार को जिले में बारिश व आंधी का अलर्ट जारी कर किया है।
मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को यहां न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहा, जबकि बुधवार को न्यूनतम 22.6 डिग्री और अधिकतम 38.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।
पिछले कुछ दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कमजोर पड़ते ही साफ आसमान और तेज धूप ने गर्मी को बढ़ावा दिया है। दिन के समय लू जैसी स्थिति बन रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। किसान, मजदूर और बाहर काम करने वाले लोग दोपहर की चिलचिलाती धूप से परेशान हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार- आज कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की-फुल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जो गर्मी से थोड़ी राहत दे सकती है। हालांकि, इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

