
हनुमानगढ़ । भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधामोहन अग्रवाल द्वारा कांग्रेस नेता सचिन पायलट पर की गई टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को हनुमानगढ़ टाउन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। रावतसर रोड पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राधामोहन अग्रवाल का पुतला दहन किया और टिप्पणी को अमर्यादित बताते हुए कड़ी निंदा की।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण नेहरा ने किया। इस अवसर पर सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कृष्ण नेहरा ने कहा कि टोंक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सचिन पायलट के खिलाफ की गई टिप्पणी सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है और राधामोहन अग्रवाल पहले भी राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ ऐसी भाषा का उपयोग कर चुके हैं।
सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने इस बयानबाजी को भाजपा की हताशा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में मर्यादा का पालन आवश्यक है, लेकिन भाजपा नेता लगातार इसका उल्लंघन कर रहे हैं। पारीक ने यह भी जोड़ा कि राज्य सरकार की नीतियों से जनता असंतुष्ट है, जिसके कारण इस तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा ने कहा कि सचिन पायलट युवाओं के आदर्श हैं और युवा वर्ग उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि युवा भाजपा सरकार को हर स्तर पर घेरने का काम करेंगे।
इस दौरान पूर्व उपप्रधान कालूराम गोदारा और युवा कांग्रेस के प्रत्याशी राजेंद्र मेघवाल ने भी टिप्पणी की निंदा करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। प्रदर्शन में महेंद्र चतुर्वेदी, चंदन मोंगा, मुकेश, भीमसेन लालनिया, सुखचेन, प्रदीप, करणी, विक्रम, अल्ताफ, आयूब खान और लखबीर सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

