
हनुमानगढ़ । जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमरेशन) प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने इस राष्ट्रीय कार्य के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन ने एक वीडियो संदेश जारी कर नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि भारत सरकार के निर्देशानुसार, जनगणना-2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 15 जून तक चलेगा। इस बार प्रक्रिया को डिजिटल बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है, जिसके तहत नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकते हैं।
स्व-गणना के लिए वेब पोर्टल 1 मई से 15 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगा। नागरिक https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का पूरा विवरण दर्ज कर सकते हैं। यह पूरी प्रक्रिया लगभग 15 से 20 मिनट में पूरी हो जाती है। सफल सबमिशन के बाद “H” से शुरू होने वाली 11 अंकों की SE ID जारी होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
ऑनलाइन पंजीकरण के लिए नागरिकों को पहले राज्य का चयन कर लॉगिन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और वैकल्पिक ईमेल दर्ज करना होगा। ओटीपी सत्यापन के उपरांत आवास का विवरण भरते हुए डिजिटल मानचित्र पर घर का स्थान चिन्हित करना होगा। अंत में, प्रश्नावली भरकर “कन्फर्म एंड सबमिट” करने पर डेटा लॉक हो जाएगा।
प्रशासन के अनुसार, जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए आएंगे, तब नागरिकों को अपनी SE ID दिखानी होगी। इस ID के माध्यम से भरी गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। यदि SE ID उपलब्ध नहीं होगी, तो जानकारी दोबारा एकत्र की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से समय पर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है, ताकि यह राष्ट्रीय कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके और जनगणना-2027 को सफल बनाया जा सके।

