
हनुमानगढ़। मदान इंटरनेशनल स्कूल में आज श्रम दिवस बड़े उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सहयोगी कर्मचारियों जैसे सफाई कर्मियों, ड्राइवरों एवं हेल्पर्स को विद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यार्थियों द्वारा सभी कर्मचारियों का विद्यालय प्रांगण में तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा से सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अपने हाथों से सुंदर ‘धन्यवाद ग्रीटिंग कार्ड’ बनाकर कर्मचारियों को भेंट किए तथा उनके कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। बच्चों द्वारा किए गए इस स्नेहपूर्ण प्रयास ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा छठी की दो छात्राओं प्रांजल चौधरी एवं सनाया ने सफलतापूर्वक किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती भावना मित्तल ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता में प्रत्येक कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान होता है और उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। विद्यालय चेयरमैन श्री सुनील मदान ने सभी कर्मचारियों को श्रम दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके समर्पण, मेहनत और सेवा भाव से ही विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी कर्मचारियों को सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की।

