
हनुमानगढ़।रावतसर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी संदीप उर्फ सैंडी (21) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। संदीप वार्ड नंबर 6, चाईया का निवासी है और लंबे समय से वांछित था।
यह मामला 21 अक्टूबर 2025 को दर्ज किया गया था। पीड़ित सुभाषचंद्र ने रिपोर्ट में बताया था कि वह किकरालिया बस स्टैंड पर अपनी कार के पास खड़े थे। इसी दौरान एक बोलेरो कैंपर ड्राइवर ने उन्हें जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दी। इस घटना में सुभाषचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई थी।
पीड़ित के अनुसार, बोलेरो कैंपर में 5-6 लोग सवार थे, जो घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। इनमें राकेश सिहाग, अक्षय वाल्मीकि, संजय जाट, अभिषेक कासानिया और विकास चौधरी उर्फ विक्की शामिल थे।
अब इस मामले में वांछित चल रहे आरोपी संदीप उर्फ सैंडी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि संदीप की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने लगातार प्रयास कर उसे दबोचा।
यह कार्रवाई थाना अधिकारी ईश्वरानंद के नेतृत्व में एसआई विजेंद्र शर्मा और उनकी पुलिस टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपी संदीप से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।

