
नोहर। थाना पुलिस ने फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुनील उर्फ डेला उर्फ डेलिया (30) निवासी जांडवाला सोतर, फतेहाबाद सदर, हरियाणा, हाल वार्ड नम्बर एक, भादरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक विदेशी ग्लॉक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार सुनील उर्फ डेला के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में आर्म्स एक्ट व फिरौती के करीब 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
यह कार्रवाई 28 मार्च को नोहर की इंदिरा कॉलोनी निवासी शहनवाज उर्फ सद्दाम द्वारा दर्ज करवाई गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है। शहनवाज ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि करीब तीन माह पहले आकाश निगम और शिवा सिंह गुर्जर उसके घर के बाहर आए थे।
आरोपियों ने उसे अमर सिंह बुडानिया की हत्या करने के लिए कहा था। मना करने पर उन्होंने शहनवाज के साथ मारपीट की और 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी। आरोपियों ने धमकी दी थी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
परिवादी के अनुसार आरोपियों ने यह भी कहा था कि उनकी गैंग ने हथियार खरीद रखे हैं और वे हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देने में सक्षम हैं। रिपोर्ट में गैंग के अन्य सदस्यों के रूप में अनिल उर्फ गुरु, मोनू और संदीप टोगसिया के नाम भी सामने आए थे। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर गहन जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले हो चुकी हैं गिरफ्तारियां पुलिस ने जांच के दौरान इस मामले में शामिल मोनू पुत्र बलवान सिंह निवासी खचवाना, संदीप पुत्र जयसिंह निवासी वार्ड 4, फेफाना, अनिल उर्फ चोटिया उर्फ गुरु पुत्र महेन्द्र गोस्वामी निवासी सागड़ा, आकाश निगम पुत्र मुन्नालाल निवासी पूर्णपुरा, आगरा तथा शिवा उर्फ शिवा गुर्जर पुत्र नारायण सिंह निवासी लाडवापुरा, आगरा, उत्तर प्रदेश को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया था।

