
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना क्षेत्र के सतीपुरा गांव में एक बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े आभूषण लूटने और विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार शाम को इस संबंध में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे हुई थी।
जानकारी के अनुसार, सतीपुरा के वार्ड 2 निवासी 77 वर्षीय रेशमा अपने घर से दूध लेने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार 2 नकाबपोश युवक उनके पास पहुंचे। उन्होंने महिला से संगरिया जाने का रास्ता पूछा और बातों में उलझाकर उन्हें अपने करीब बुलाया।
रास्ता पूछने के बहाने की वारदात जैसे ही महिला रास्ता बताने के लिए उनके करीब पहुंची, एक आरोपी ने झपट्टा मारकर उनके गले में पहनी सोने की ताबीती छीनने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर आरोपियों ने उनके हाथ से चांदी की अंगूठी छीन ली और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में महिला के हाथ में चोट आई और वह नीचे गिर गईं।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी बाइक से फरार हो चुके थे। परिजन घायल महिला को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए, जिसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने इस मामले में लूट के अलावा अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई निकूराम कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

