
हनुमानगढ़ । शनिवार देर रात मौसम ने करवट ली। दिनभर की गर्मी के बाद अचानक तेज हवाएं चलने लगीं, जो रविवार सुबह तक जारी रहीं। हालांकि बारिश नहीं हुई, जिससे उमस बरकरार रही, लेकिन तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग ने शनिवार को जिले में बादल छाए रहने और गरज-चमक की संभावना जताई थी, लेकिन कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। देर रात चली तेज हवाएं और आंधी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर मानी जा रही हैं। इस मौसमी सिस्टम के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
भीषण गर्मी से मिली राहत रविवार को भी आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। जिले में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
आगामी दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को जिले में आंधी के साथ बारिश की संभावना है। इसके बाद 5 से 8 मई तक आसमान में सामान्यतः बादल छाए रह सकते हैं या आंशिक रूप से बादल बने रहेंगे। इस अवधि में अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई के पहले सप्ताह में उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी-तूफान और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, लेकिन भीषण गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है। रविवार सुबह तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर धूल उड़ती देखी गई, जिससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

