
हनुमानगढ़। मौसम में आए बदलाव से भीषण गर्मी से राहत मिली है। पिछले 2 दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जिला मुख्यालय पर करीब 40 घंटे से तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल रही है, जबकि रावतसर सहित कई क्षेत्रों में बारिश और हल्की ओलावृष्टि हुई है।
कुछ दिन पहले अधिकतम तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, जो अब घटकर 38-40 डिग्री के बीच आ गया है। शनिवार को रावतसर क्षेत्र के साथ थालड़का, टोपरिया, देईदास, भगवान, नीमला, खुइयां और बिरकाळी में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर हल्की ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
4 डिग्री तक तापमान में आई गिरावट मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में बादल, बारिश और आंधी की गतिविधियां बढ़ी हैं। इसके परिणामस्वरूप तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है और फिलहाल लू जैसी स्थिति टल गई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के साप्ताहिक पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 से 6 मई के बीच आंशिक बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 39-40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में भी 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस मौसम बदलाव से आमजन को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन मंडियों में खुले में रखे गेहूं को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों को आंधी-तूफान के दौरान सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।
