
हनुमानगढ़ ।पुलिस ने सतीपुरा क्षेत्र में एक महिला से आभूषण लूट की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों अभय कुमार उर्फ डेविड (20) और राहुल कुमार (20) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वार्ड 20, प्रेम नगर के निवासी हैं।
यह वारदात शुक्रवार 1 मई को हुई थी, जब सतीपुरा निवासी एक महिला दूध लेने जा रही थी। उसी दौरान बाइक सवार 2 नकाबपोश बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन और चांदी की अंगूठी छीन ली। आरोपियों ने महिला पर धारदार हथियार से भी वार किया और मौके से फरार हो गए थे। शनिवार 2 मई को पीड़िता ने हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अभय कुमार उर्फ डेविड और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को शुरुआती जांच में ही मिल गई थी, जिसने उन्हें आरोपियों तक पहुंचने में मदद की। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एएसआई निक्कूराम, प्रताप सिंह, हेड कॉन्स्टेबल विनोद, कॉन्स्टेबल नेतराम और सुरेंद्र शामिल थे।
