
नुमानगढ़ । झपटमारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक व्यक्ति से पर्स छीनने का मामला सामने आया है। बाइक सवार अज्ञात बदमाश ने एक व्यक्ति की जेब फाड़कर पर्स छीना और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामसिंह कॉलोनी निवासी नरेश कुमार (50) ने रविवार को टाउन थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 2 मई को दोपहर करीब एक बजे वे अपनी बाइक से सरकारी अस्पताल से सेक्टर-3 की ओर जा रहे थे। अस्पताल के पास आरा वाली गली में पहुंचने पर पीछे से आए एक बाइक सवार युवक ने उनकी कुर्ते की साइड जेब पर झपट्टा मारा और पर्स छीन लिया।
नरेश कुमार के अनुसार, छीने गए पर्स में लगभग 8 हजार रुपए नकद, तीन एटीएम कार्ड, व्यक्तिगत पहचान के दस्तावेज और कुछ हिसाब-किताब की पर्चियां थीं। आरोपी इन सभी सामानों के साथ मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने वारदात के बाद अपने स्तर पर आरोपी की तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर अगले दिन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई नरेश बिश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
शहर में दिनदहाड़े हो रही इस तरह की घटनाओं से आमजन में चिंता बढ़ गई है। विशेषकर बाजार और अस्पताल क्षेत्रों के आसपास सक्रिय बदमाशों के कारण लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले सतीपुरा इलाके में भी इसी तरह की एक घटना सामने आई थी, जिसमें पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
