
हनुमानगढ़ ।पुलिस ने संभावित गैंगवार को रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। लखासर गांव में डबल मर्डर केस के एक आरोपी के घर से 2 पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई एजीटीएफ और गोलूवाला एसएचओ तेजवंत सिंह को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बहुचर्चित सोनू बिश्नोई और पेट्रोल बिश्नोई डबल मर्डर केस के आरोपी रविन बिश्नोई के घर पर हुई। रविन वर्तमान में इस मामले में जमानत पर है। पुलिस को हाल ही में सूचना मिली थी कि लॉरेंस गैंग द्वारा उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे क्षेत्र में गैंगवार की स्थिति बन सकती है।
इन सूचनाओं के बाद शनिवार देर शाम लखासर में पुलिस बल और एजीटीएफ की टीम तैनात की गई। इसी दौरान जानकारी मिली कि रविन ने अपने घर में हथियार छिपा रखे हैं। गोलूवाला थाना प्रभारी तेजवंत सिंह के नेतृत्व में टीम ने रविन के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान, अलमारी से एक .315 बोर पिस्तौल और एक 12 बोर पिस्तौल के साथ 6 कारतूस जब्त किए गए।
भाई की हत्या का बदला लेने की फिराक में था इस पुलिस टीम में एसआई लालबहादुर चंद्र, एएसआई रामपाल, हेड कॉन्स्टेबल शंकरलाल, कॉन्स्टेबल संदीप कुमार, कृपाला राम, पंकज कुमार, ममता और देवेंद्र सिंह सहित अन्य जवान शामिल थे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रविन अपने भाई महावीर बिश्नोई की हत्या का बदला लेने की फिराक में था। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में लखासर में ही महावीर बिश्नोई की हत्या हुई थी, जिसके तार संगरिया के हत्याकांड से जुड़े बताए गए थे। पुलिस ने रविन बिश्नोई के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी और लॉरेंस गैंग के बीच पुरानी रंजिश है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले में आगे की पूछताछ करेगी।
