
श्रीगंगानगर । अजमेर के किशनगढ़ में नामदेव सर्किल पर संत नामदेव की मूर्ति चोरी कर खंडित करने से छींपा समाज में आक्रोश है।
इस घटना के विरोध में सोमवार को श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट पर छींपा समाज ने विरोध-प्रदर्शन किया। लोगों ने किशनगढ़ नगरपरिषद के मुख्य अधिकारी सुनील खज्जा का पुतला जलाकर रोष जताया और नारेबाजी की।
बैठक कर तय की आगे की रणनीति
इससे पहले कोड़ा चौक स्थित संत नामदेव मंदिर में समाज के लोगों ने बैठक की और आगे की रणनीति तय की। बैठक के बाद रोष मार्च निकाला गया।
प्रदर्शनकारियों ने किशनगढ़ प्रशासन का भी पुतला दहन किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर रीना छींपा को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
एडीएम रीना छींपा को ज्ञापन सौंपते हुए समाज के लोग।
उग्र आंदोलन की चेतावनी दी ज्ञापन में किशनगढ़ नगरपरिषद मुख्य अधिकारी सुनील खज्जा समेत अन्य दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मूर्ति चोरी और खंडन की घटना न केवल धार्मिक आस्था पर आघात है, बल्कि पूरे छींपा समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर नामदेव छींपा समाज के अध्यक्ष कृष्ण चंद्र अजयपाल, गुरुद्वारा शिरोमणी संत श्री नामदेव जी के प्रधान हरदर्शन सिंह, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ताराचंद खत्ती, सत्यपाल लुहारिया, बलवीर कुमार, कालूराम, घनश्याम छींपा, बीकर सिंह, नरेंद्र टैगोर, लक्ष्मण सिंह, रणजीत सिंह, गुरदीप सिंह, कमल औलख सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
