
हनुमानगढ़। तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ के कथित बयान को लेकर सैन समाज में गहरा रोष है। इस संबंध में सैन समाज समिति और सामाजिक समरसता न्याय मंच, हनुमानगढ़ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दोनों संगठनों ने जंक्शन स्थित एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। सैन समाज समिति के अध्यक्ष देवीलाल भाटी ने बताया कि हाल ही में तिजारा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान विधायक ने एक अधिकारी के साथ सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया।
भाटी के अनुसार विधायक ने अधिकारी से कहा, ‘तू JEN है या नाई है।’ इस कथन को पूरे सैन समाज के प्रति अपमानजनक बताया गया है।
सामाजिक समरसता न्याय मंच के मोहनलाल ने कहा कि इस टिप्पणी से न केवल एक अधिकारी का अपमान हुआ है, बल्कि पूरे सैन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह बयान सार्वजनिक मंच और कैमरों के सामने दिया गया, जिसे लाखों लोगों ने देखा और इससे समाज में आक्रोश फैल गया।
मोहनलाल ने आगे कहा कि सैन समाज एक सम्मानित और परिश्रमी समाज है, जिसने वर्षों से समाज सेवा और मेहनत के माध्यम से अपनी पहचान बनाई है। किसी जनप्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करना निंदनीय है।
प्रेस वार्ता के दौरान दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इस बयान से समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और सामाजिक सौहार्द को नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विधायक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जा सकता है।
