
हनुमानगढ़। पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनने की खुशी में हनुमानगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और संगठन की मजबूत कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जिसका प्रमाण विभिन्न राज्यों में मिल रहे चुनाव परिणाम हैं। डेलू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत केवल पार्टी की नहीं, बल्कि देश की जनता की जीत है, जिन्होंने विकास और सुशासन के पक्ष में अपना समर्थन दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा हमेशा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र पर कार्य करती है और आने वाले समय में भी इसी सोच के साथ देश को आगे बढ़ाने का काम जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसी तरह समर्पण और मेहनत के साथ संगठन को और मजबूत बनाएं।
भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि विभिन्न राज्यों में मिली जीत से यह स्पष्ट हो गया है कि जनता विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को नकार रही है और विकास के मुद्दों पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित हैं, जिसके चलते पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित चौधरी, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, उत्तम सिंह राठौड, मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल, डॉ. भारत भूषण शर्मा, तेजेन्द्र सिंह ढोलनगर, मण्डल अध्यक्ष बलराज मान, जुगल किशोर, आशीष कुमार, प्रवीण कटारिया, देवकीनंदन चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और आगामी चुनावों में भी इसी प्रकार की सफलता दोहराने का संकल्प लिया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यालय परिसर में जश्न का माहौल बना रहा।
