
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी हनुमानगढ़ की ओर से किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में विशेष रूप से गेहूं की गिरदावरी में हुई गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए इसे तुरंत ठीक करवाने और प्रभावित किसान को राहत देने की मांग की गई।
किसान सभा के प्रतिनिधियों ने बताया कि चक 4 एसटीजी के खाता संख्या 99 की भूमि किसान ओमप्रकाश द्वारा ठेके पर ली गई थी। इस भूमि पर किसान ने गेहूं की बुवाई की थी, लेकिन पटवारी द्वारा की गई गिरदावरी में उक्त भूमि को शून्य (खाली) दर्शा दिया गया। इस त्रुटि के कारण किसान को गंभीर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि किसान ओमप्रकाश की गेहूं की फसल वर्तमान में धान मंडी हनुमानगढ़ जंक्शन में ढेरी के रूप में पड़ी हुई है, लेकिन गिरदावरी में फसल दर्ज नहीं होने के कारण वह गेहूं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर नहीं बिक पा रहा है। इससे किसान को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति पर गहरा प्रभाव पड़ सकता है।
किसान सभा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संबंधित खाता संख्या की गिरदावरी को तुरंत प्रभाव से सही करवाया जाए, ताकि किसान की फसल को एमएसपी पर खरीदा जा सके। इसके साथ ही संगठन ने यह भी मांग उठाई कि ऐसे अन्य किसानों की भी जांच की जाए, जिनकी गिरदावरी में इस प्रकार की त्रुटियां हुई हैं, और उन्हें भी समय पर राहत प्रदान की जाए।
किसान सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि गिरदावरी जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में लापरवाही किसानों के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की।
इस दौरान सरपंच बलदेव मक्कासर, किसान सभा सदस्य ओम स्वामी, जगदीश तंवर, वेद मक्कासर सहित अन्य किसान और संगठन के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
