
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य परिषद की कार्यकारिणी का विस्तार करना, संगठन को अधिक सशक्त बनाना तथा अन्य तहसीलों में परिषद के गठन की रणनीति तय करना रहा।बैठक में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों, नियमों और भावी योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय युवक परिषद के महासचिव वीरेंद्र जैन ने भादरा तहसील अध्यक्ष पद के लिए सुरेन्द्र जाखड़ के नाम का प्रस्ताव रखा। उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके पश्चात सुरेन्द्र जाखड़ को राष्ट्रीय युवक परिषद भादरा का तहसील अध्यक्ष घोषित किया गया। घोषणा के बाद पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जाखड़ का माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि सुरेन्द्र जाखड़ एक शिक्षाविद होने के साथ- साथ गौसेवक, वृक्ष मित्र, समाजसेवी और आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवा व्यक्तित्व हैं। वे एक निजी शिक्षण संस्था के एग्रीकल्चर कॉलेज में प्रिंसिपल हैं तथा भादरा वॉलीबॉल क्लब के संस्थापक भी हैं। उनके संगठन में शामिल होने से परिषद को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।नवनिर्वाचित तहसील अध्यक्ष सुरेन्द्र जाखड़ ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा शीघ्र ही भादरा तहसील की कार्यकारिणी का गठन कर जिलाध्यक्ष को सौंपेंगे। बैठक में कोडाराम, रामलाल कांवलिया, दिनेश शर्मा, निहाल सिंह, गिरिराज शर्मा, शंकर सैनी, सचिन त्यागी, सचिन वॉट्स, रामगोपाल सेन, किशोरी लाल, राकेश त्यागी, अमरनाथ शर्मा, भजन लाल वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
