
हनुमानगढ़। नायक समाज के प्रतिभावान विद्यार्थी भूपेंद्र नायक के राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) में चयन होने पर गांव हिरणावाली में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। अपने गांव पहुंचने पर भूपेंद्र नायक का सर्व समाज और ग्रामवासियों द्वारा भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया। रेलवे स्टेशन से लेकर उनके निवास स्थान तक ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
भूपेंद्र नायक, स्वर्गीय दीनदयाल नायक के पुत्र हैं। उनके इस चयन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव और समाज का नाम रोशन हुआ है। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं, पगड़ी पहनाकर और मिठाइयां खिलाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा और जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नायक समाज के प्रदेशाध्यक्ष नारायण नायक, डायरेक्टर तेजाराम नायक, जिलाध्यक्ष निरंजन नायक, तहसीलदार आदराम नायक, सरपंच प्रीतपाल सिंह, डायरेक्टर बलकरण सिंह मान और रेशम सिंह माणुका सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मंच पर भूपेंद्र नायक का सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ज्ञात रहे कि भुपेन्द्र नायक ने प्रथम प्रयास में आरएएस में चयनित हुए थे, परन्तु अपने परिणाम से संतुष्ट नही होने के कारण पुनः आरएएस परीक्षा दी और फिर से अच्छे ग्रेड़ के साथ चयनित हुए है। सम्मान समारोह में भुपेन्द्र को अतिथियों ने पहनाई पगड़ी भुपेन्द्र द्वारा अपनी माता सरस्वती देवी को पहनाकर इस सफलता का श्रेय अपनी माता को दिया।
प्रदेशाध्यक्ष नारायण नायक ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र नायक की सफलता समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा है। युवाओं को उनसे सीख लेकर प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए, ताकि समाज की भागीदारी प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर और मजबूत हो सके।
तहसीलदार आदराम नायक ने भी भूपेंद्र नायक की मेहनत, लगन और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह मुकाम पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा को प्राथमिकता दें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच प्रीतपाल सिंह ने कहा कि भूपेंद्र नायक ने अपने माता-पिता, गांव और समाज का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर आयोजकों ने सभी ग्रामवासियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस खुशी के पल में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाज के प्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में भूपेंद्र नायक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर अध्यापक नोपाराम, इन्द्रा देवी, सरस्वती देवी, कलावती देवी, चरणदास, रामनिवास गोदारा, जसपाल नायक, जगदीश नायक, साहबराम नायक, सहीराम नायक, नोपा राम, मोहनलाल व अन्य ग्रामीण मौजूद थे।
