
हनुमानगढ़। पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और असम में भारतीय जनता पार्टी की भारी बहुमत से सरकार बनने पर हनुमानगढ़ जंक्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर के नेतृत्व में यह उत्सव आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने जंक्शन के मुख्य बाजार में एकत्रित होकर पटाखे फोड़े और खुशी का इजहार किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं ने बाजार में दुकान-दुकान जाकर व्यापारियों और आमजन को मिठाइयां वितरित की तथा भाजपा की जीत पर बधाइयां दीं। इस मौके पर भाजपा समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और पार्टी के पक्ष में नारेबाजी भी की।
पूर्व उपसभापति नगीना बाई ने इस अवसर पर कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री के नेतृत्व और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा की लगातार बढ़ती लोकप्रियता यह दर्शाती है कि जनता विकास और सुशासन के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है।
मंडल अध्यक्ष प्रकाश तंवर ने कहा कि पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और असम में भाजपा की सरकार बनना ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में अब विकास के नए आयाम स्थापित होंगे और जनता को बेहतर प्रशासन मिलेगा। तंवर ने कहा कि भाजपा की नीतियां हमेशा गरीब, किसान, युवा और आमजन के हित में रही हैं, जिसके कारण जनता ने पार्टी को भारी समर्थन दिया है।
इस दौरान कई कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर पार्टी की सफलता का जश्न मनाया। इस मौके पर प्रकाश तंवर, प्रवीण सिंह परमार, जितेंद्र तेजवानी, डॉक्टर आदित्य चावला, केशव पाल, नरेश पुरोहित, दयावती वर्मा, अर्जुन विमल, नितिन तिवाडी, अशोक शर्मा, मुकेश गोसाई, सूरज कुमार, राकेश गोयल, विशंभर वर्मा, प्रशांत सोनी, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पार्षद सुरेश धमीजा, पूर्व पार्षद लख्मीचंद, महेश शर्मा, अमित शर्मा, राजकुमार गोस्वामी, श्याम सुंदर बंसल मौजूद थे।
