
हनुमानगढ़। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत की खबर मिलते ही हनुमानगढ़ जंक्शन के मुख्य बाजार में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। पूर्व पार्षद हिमांशु महर्षि के नेतृत्व में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान बाजार क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हिमांशु महर्षि ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह जीत ऐतिहासिक है और यह जनता के बदलाव के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पहली बार बंगाल में कमल खिला है, जो राज्य में विकास की नई दिशा तय करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ अपने सभी वादों को पूरा करेगी और आमजन को बेहतर शासन प्रदान करेगी।
महर्षि ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास कार्यों की जो गति बनी है, उसी का असर अब विभिन्न राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा की नीतियों और कार्यशैली पर भरोसा जताया है, जिसके परिणामस्वरूप यह जीत संभव हुई है।
इस मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और पार्टी के पक्ष में नारे लगाए। जश्न के दौरान राजकुमार ओझा,फतेह सिंह यादव, गोपाल शर्मा(शेरू),गुरदीप गिल, मुकेश गोसाई, अमित बंसल, विक्की सोनी, आशु गुप्ता, नरेश कश्यप, सुमन सिंह और यूसुफ खान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
