
हनुमानगढ़ । राष्ट्रीय युवक परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य परिषद की जिला कार्यकारिणी का विस्तार करना तथा संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाना रहा। बैठक में परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन की अब तक की गतिविधियों, आंतरिक नियमों, सामाजिक दायित्वों तथा भावी योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। संगठन को जनसेवा और युवाओं से जोड़ने के लिए नए सुझावों पर भी चर्चा हुई। इसी क्रम में सर्वसम्मति से राधेश्याम टाक को जिला प्रचार सचिव के पद पर नियुक्त किया गया। नियुक्ति के पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राधेश्याम टाक का माला पहनाकर तथा मुंह मीठा कराकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि राधेश्याम टाक एक समर्पित गौसेवक, वृक्ष मित्र, समाजसेवी तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवा व्यक्तित्व हैं। उनके संगठन से जुड़ने से परिषद को नई दिशा और सकारात्मक ऊर्जा मिलेगी। नवनियुक्त जिला प्रचार सचिव राधेश्याम टाक ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। बैठक के दौरान भीषण गर्मी को देखते हुए राष्ट्रीय युवक परिषद द्वारा बेजुबान पक्षियों के लिए पाइन के पानी के पांच परिण्डे भी लगाए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण और जीव सेवा का संदेश दिया गया। इस बैठक में कोडाराम, रामलाल कांवलिया, दिनेश शर्मा, निहाल सिंह, गिरिराज शर्मा, शंकर सैनी, सचिन त्यागी, सचिन वॉट्स, रामगोपाल सेन, किशोरी लाल, राकेश त्यागी, अमरनाथ शर्मा, भजन लाल वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
