
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ द्वारा प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों में हुई वृद्धि के विरोध में सोमवार को जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पुतलों के साथ प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालते हुए विरोध दर्ज कराया।
मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आमजन पर पड़ रहे महंगाई के बोझ को लेकर नाराजगी जताई। जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के समक्ष पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने पुतलों का दहन किया और सरकार के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया।
जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर तुरंत रोक लगाने के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं का समाधान करने की मांग की गई। ज्ञापन में विशेष रूप से राजीव चौक से अंबेडकर चौक तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सड़क को तोड़ने के कारण पूरे क्षेत्र में धूल-मिट्टी का गुबार बना रहता है, जिससे लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद न तो नियमित पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। यह मार्ग शहर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र होने के बावजूद प्रशासन की लापरवाही का शिकार बना हुआ है।
इसके अलावा शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर भी चिंता जताई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि आए दिन कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन भयभीत है। नगर परिषद द्वारा इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
ज्ञापन में शहर की सफाई व्यवस्था को भी चरमराई हुई बताया गया और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने एकजुट होकर जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, महासचिव गुरदीप चहल, इशाक खान, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, मांगीलाल स्वामी, सुखपाल सिंह, सुभाष घोटिया, गुरप्रीत सिंह मान, सुरेन्द्र खटीक, विजय टाक, रामचंद्र चौधरी, आमिर खान, बलवंत होठला, शाहरूख रोड़ावाली, खुशी अमलानी, शाहरूख कुरैशी, जयपाल गिरी, यश चिलाना, सुनील बिश्नोई, गोविन्द रैगर, शिवराज सिंह, पवन सिहमार, कमल, संदीप सैनी, बंशीलाल, सिमर संधू, जयवीर, विनोद गुरूघर, शकूर खान, सुरेन्द्र, जगदीप रंगारा, रामनिवास किरोड़ीवाल, लखविन्द्र सिंह, मनदीप, सोनू, राकेश सोनी, राजेन्द्र सोनी, आरिफ खान, विनोद कुमार मेघवाल, भुपेन्द्र सिंधू, सुनील कुमार, गुरलाल मान, अनूप चौधरी, सरपंच ललकार सिंह, गुरचरण सिंह, रामस्वरूप भाटी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
