
हनुमानगढ़। जिले में मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना के तहत 11 गुड सेमेरिटन (भले व्यक्तियों) को 1 लाख 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह राशि सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करने वाले इन व्यक्तियों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की गई है।
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करना है। योजना के अंतर्गत गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले को प्रशस्ति पत्र के साथ 10 हजार रुपए दिए जाते हैं, जबकि सामान्य घायल को अस्पताल पहुंचाने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।
डॉ. शर्मा के अनुसार जिले में अब तक कुल 92 गुड सेमेरिटन को 8 लाख 55 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जा चुकी है। इस योजना के तहत घायल को नजदीकी सरकारी या निजी अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाता है और उसे अपनी इच्छानुसार तुरंत वहां से जाने की अनुमति होती है।
हाल ही में सम्मानित किए गए गुड सेमेरिटन में हनुमानगढ़ निवासी श्रवण कुमार शामिल हैं, जिन्हें घायल को एमजीएम जिला अस्पताल पहुंचाने पर 10 हजार रुपए मिले। इसी प्रकार रावतसर के विशाल, राहुल सिंह, अनिल कुमार, कालूराम; पीलीबंगा के विजय सिंह, पवन कुमार और संगरिया के राकेश कुमार, जगदीप सिंह, लोकेश कुमार व कुलदीप को भी 10-10 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। संगरिया के जगदीप सिंह और सुखदीप सिंह को 5-5 हजार रुपए दिए गए।
डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तुरंत मदद करें। उन्होंने जोर दिया कि ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर अस्पताल पहुंचाने से घायल के जीवन बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
