
हनुमानगढ़। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोलूवाला थाना पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे एक इनामी आरोपी को भी दबोचा गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी तेजवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लखासर क्षेत्र में गश्त के दौरान यह कार्रवाई की। इस दौरान दो युवकों को 2800 प्रतिबंधित प्रेगाबालिन कैप्सूल के साथ पकड़ा गया। आरोपियों की पहचान खरलिया निवासी गुरमीत सिंह (24) और नवदीप सिंह (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में वांछित आरोपी कपिल सांवक (28) को लखासर से गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
