
हनुमानगढ़ । अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। एक विशेष अभियान के तहत जिले में हजारों लीटर लाहन नष्ट किया गया और कई कच्ची भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। यह अभियान आबकारी आयुक्त के निर्देश पर 1 से 15 मई तक चलाया जा रहा है।
इसी के तहत मंगलवार को संयुक्त टीम ने गगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट और श्रीनगर सहित कई क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान लगभग 4500 लीटर लाहन मौके पर ही नष्ट किया गया और 8 कच्ची भट्ठियों को तोड़ा गया। इस कार्रवाई में अवैध शराब के 2 प्रकरण दर्ज किए गए और 60 लीटर हथकढ़ शराब भी बरामद की गई।
1 बाइक भी जब्त की विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस अभियान के तहत अब तक जिलेभर में कुल 11450 लीटर लाहन नष्ट किया जा चुका है। साथ ही 16 कच्ची भट्ठियों को ध्वस्त किया गया है। कुल 25 प्रकरण दर्ज किए गए हैं और एक बाइक भी जब्त की गई है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी और गश्त की जा रही है। विभाग उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रहा है, जहां पहले भी अवैध शराब निर्माण की गतिविधियां सामने आती रही हैं।
जारी रहेगा अभियान इस अभियान में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी विरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार और हुसैन खान सहित आबकारी विभाग की टीमें शामिल रहीं।
जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने जानकारी दी कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 92 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
