
हनुमानगढ़ ।जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार को कलेक्ट्रेट की ईमेल आईडी पर यह धमकी भरा मेल मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए विभिन्न विभागों के कार्यालय खाली करवाए और पुलिस को सूचना दी।
एडीएम उम्मेदीलाल मीणा ने बताया कि कलेक्ट्रेट की ईमेल आईडी पर धमकीभरा मेल प्राप्त हुआ था। सुरक्षा के मद्देनजर सभी कार्यालय खाली करवाए गए और पुलिस की टीमों को जांच के लिए लगाया गया है। मामले की जांच जारी है।
ईमेल में कलेक्ट्रेट परिसर में बम होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही कर्मचारियों और अधिकारियों को तुरंत अपने कमरों से बाहर निकलने के निर्देश दिए गए। इसके बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी पार्क के पास एकत्र हो गए।
टीमों ने की सघन तलाशी शुरू हालांकि इस बार पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को पूरी तरह बंद नहीं किया गया और मुख्य गेट खुले रखे गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस टीमों ने कार्यालयों, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की सघन तलाशी शुरू कर दी।
15 दिसंबर को भी मिली थी धमकी यह पहला मामला नहीं है जब कलेक्ट्रेट को इस तरह की धमकी मिली है। पिछले साल 15 दिसंबर को भी कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय कलेक्ट्रेट के साथ-साथ न्यायालय परिसर को भी खाली करवाना पड़ा था।
जिले में पासपोर्ट कार्यालय को भी कई बार बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, अब तक किसी भी मामले में कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है। इन घटनाओं के कारण सरकारी कामकाज प्रभावित होता रहा है। बार-बार धमकी भरे ईमेल आने के बावजूद अब तक ऐसे मेल भेजने वालों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
