
हनुमानगढ़। आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए पुलिस ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना स्वयं देर रात सड़कों पर उतरकर पुलिस व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। मंगलवार देर रात उन्होंने शहर और बाहरी क्षेत्रों के नाकों का औचक निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की सतर्कता जांची।
एसपी मीना ने टाउन क्षेत्र के विभिन्न नाकों पर तैनात जवानों की मौजूदगी, चेकिंग व्यवस्था और गश्त की स्थिति का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच के निर्देश दिए। साथ ही, ड्यूटी के दौरान रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च और अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रात में बिना वजह घूमने वाले लोगों से पूछताछ की जाए। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। एसपी ने बाहरी नाकों पर भी चेकिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर निगरानी रखी जा सके।
यातायात पुलिस भी रात के समय सक्रिय दिख रही है। शहर में देर रात तक वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कई स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के नाम व मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए थे। इसका उद्देश्य आमजन को जरूरत पड़ने पर सीधे संपर्क करने में सुविधा प्रदान करना था। अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों की धरपकड़ और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास कायम रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
