
हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद द्वारा संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। इसी क्रम में जीत सिंह यादव को परिषद की परामर्श समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि जीत सिंह यादव वर्तमान में आईटीआई में उपनिदेशक के पद पर कार्यरत हैं और अपने अनुभव व कार्यकुशलता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि यादव जैसे शिक्षित, अनुभवी और उच्च पदस्थ अधिकारी के परिषद से जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उनके मार्गदर्शन से परिषद की गतिविधियां और अधिक प्रभावी रूप से संचालित हो सकेंगी।प्रवीण जैन ने यह भी कहा कि परिषद का उद्देश्य युवाओं को संगठित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है और इसके लिए योग्य व समर्पित व्यक्तियों को जिम्मेदारी देना जरूरी है। जीत सिंह यादव की नियुक्ति इसी दिशा में एक मजबूत पहल है।बैठक के दौरान संगठन के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने परिषद को और अधिक सक्रिय बनाने तथा युवाओं को जोड़ने के लिए विभिन्न सुझाव दिए।इस अवसर पर निहाल सिंह, राधेश्याम टाक, मनीष स्वामी, राज कुमार त्यागी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने जीत सिंह यादव को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
