
हनुमानगढ़ । अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। भिरानी और सदर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो अवैध देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक धारदार कापा बरामद किया गया है।
पहली कार्रवाई भिरानी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान की। पुलिस ने गांधीबड़ी निवासी रूपेश उर्फ लाला को गिरफ्तार किया और उसके पास से एक अवैध देसी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
भिरानी थाना क्षेत्र में ही दूसरी कार्रवाई में गांधीबड़ी निवासी नवीन कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन दोनों कार्रवाइयों में जिला विशेष टीम सेक्टर नोहर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
तीसरी कार्रवाई सदर थाना पुलिस ने जंडावाली निवासी पप्पा सिंह को गिरफ्तार कर की। पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार कापा बरामद किया। इस संबंध में आर्म्स एक्ट की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल, गिरफ्तार किए गए आरोपियों से अवैध हथियार रखने के कारणों के संबंध में पूछताछ की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
