
हनुमानगढ़। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को राहत देने के उद्देश्य से ‘जीवन रक्षक उपकरण बैंक’ की शुरुआत की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण शर्मा और आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ. एसएस गेट ने बुधवार को संयुक्त रूप से इस सेवा परियोजना का लोकार्पण किया।
डॉ. बीडी गुप्ता के सौजन्य से तैयार किए गए इस उपकरण बैंक में कई जरूरी मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों की आवश्यकता अक्सर गंभीर मरीजों की घर पर देखभाल के दौरान पड़ती है। इस सेवा का संचालन लालगढ़िया नर्सिंग होम परिसर से किया जाएगा।
मरीज उठा सकेंगे फायदा भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी ने बताया कि उपकरण बैंक में हॉस्पिटल बेड, गद्दे, एयर बेड, सक्शन मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, व्हीलचेयर, वॉकर, नेबुलाइजर, ऑक्सीमीटर और आईवी स्टैंड सहित कई जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध हैं।
आयोजकों के अनुसार, जरूरतमंद मरीजों के परिजन अपना नाम-पता दर्ज करवाकर ये उपकरण फ्री प्राप्त कर सकेंगे। उपयोग पूरा होने के बाद उपकरणों को सुरक्षित वापस बैंक में जमा कराना होगा, ताकि अन्य मरीज भी इसका लाभ उठा सकें।
लोगों से ज्यादा से ज्यादा जुड़ने की अपील लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कई बार गंभीर बीमारी के दौरान मरीजों के परिजनों को महंगे उपकरण किराये पर लेने पड़ते हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ जाता है। ऐसे में यह उपकरण बैंक जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने लोगों से इस जनसेवा अभियान से जुड़ने और जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच जगदीश सिंह राठौड़, अग्रोहा विकास समिति के सचिव पुरुषोत्तम दादरी, अनिल जिंदल, प्रदीप, जसकरण सिंह, रमेश कठपाल, सुरेश गुप्ता, बालकिशन गोयल और राजेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
