
हनुमानगढ़ । टाउन थाना क्षेत्र के गांव लखुवाली में खेल मैदान में खड़े युवकों पर हमला करने और देसी कट्टे से गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने 3 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार गांव लखुवाली निवासी अनवर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 5 मई की शाम करीब 7 बजे वह गांव के खेल मैदान में खड़ा था। इसी दौरान गांव के सदाम उर्फ मकड़ी, शमशाद और सदाम उर्फ महाम वहां पहुंचे।
परिवादी के अनुसार तीनों आरोपियों के हाथों में अवैध हथियार थे और आते ही उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपी शमशाद ने अनवर पर चाकू से हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आरोपियों के पास देसी कट्टा भी था और उन्होंने गोली मारने की धमकी दी।
बीच-बचाव करने वाले युवक को भी पीटा शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे फिरोज खान के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। अनवर ने आरोप लगाया कि आरोपी उसकी जेब से करीब 1200 रुपए नकद और गले में पहनी लगभग 5 तोले वजन की चांदी की चेन छीनकर ले गए।
दुकान से लौट रहे युवक से भी की मारपीट इसी दौरान अनवर का छोटा भाई सिकंदर उर्फ राजू सब्जी लेकर दुकान से लौट रहा था। आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसके साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया। टाउन थाना पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवाकर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई किशोर सिंह कर रहे हैं।
