
हनुमानगढ़ ।टाउन थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस हादसे में युवक की पत्नी घायल हो गई। मृतक की पहचान टाउन के पंजाबी मोहल्ला निवासी भूपेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई बृजप्रकाश की रिपोर्ट पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
बृजप्रकाश ने टाउन पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह भूपेंद्र अपनी पत्नी गोदावरी के साथ मोटरसाइकिल पर खेत जा रहा था। रामसरा नारायण स्थित एक प्राइवेट स्कूल की बस ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि बस ड्राइवर तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
टक्कर लगने से बाइक सवार दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें ई-रिक्शा की मदद से राजकीय चिकित्सालय ले गए। वहां डॉक्टरों ने भूपेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गोदावरी का उपचार जारी है।
परिजनों ने बस ड्राइवर की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच एएसआई कृष्णलाल को सौंपी गई है।
