
हनुमानगढ़ ।टिब्बी थाना पुलिस ने घरों में घुसकर मोबाइल चोरी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17 चोरीशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी विजय (27) के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले से चोरी और आबकारी अधिनियम के तहत चार मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई 3 मई को टिब्बी थाने में दर्ज एक रिपोर्ट के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 3 मई की रात उसके घर से मोबाइल फोन चोरी हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सुरेशिया निवासी विजय को गिरफ्तार किया।
आरोपी विजय से पूछताछ के दौरान चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसके पास से कुल 17 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनमें 14 एंड्रॉयड और 3 कीपैड फोन शामिल हैं। पुलिस अब यह जानने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने जिले और आसपास के क्षेत्रों में कितनी और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी विजय लंबे समय से मोबाइल चोरी की घटनाओं में सक्रिय था और रात के समय घरों में घुसकर वारदातों को अंजाम देता था। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एएसआई देवी लाल, कॉन्स्टेबल पवन कुमार और कॉन्स्टेबल बलवंत शामिल थे।
