
हनुमानगढ़। पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 306 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इन कार्रवाइयों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और तस्करी में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।
पहली कार्रवाई हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने की। एसआई गजेंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान डबलीराठान बास मौलवी निवासी बूटा सिंह (29) और श्रीगंगानगर जिले के चक 3 एसएचपीडी निवासी संदीप (23) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 261 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 52.5 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त कीं।
जंक्शन थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला कर रहे हैं।
दूसरी कार्रवाई संगरिया थाना पुलिस ने की। एसआई प्रमोद सिंह और उनकी टीम ने गश्त के दौरान फतेहपुर निवासी सुनीता (37) को 45.52 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया।
महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले की जांच टिब्बी थाना प्रभारी हंसराज लूणा कर रहे हैं।
दोनों ही कार्रवाइयों में डीएसटी टीम सेक्टर हनुमानगढ़ द्वारा दी गई सूचना महत्वपूर्ण रही। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है और सीमावर्ती क्षेत्रों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
