

हनुमानगढ़ । डी.ए.वी. स्कूल हनुमानगढ़ जंक्शन में मदर्स डे के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय विशेष समारोह का समापन बड़े उत्साह और भावुक माहौल के साथ हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शहर की कई सम्मानित हस्तियों की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. सुमन चावला, प्रख्यात समाज सेविका रहीं। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्रीमती अंबिका (फोरेंसिक विभाग), श्रीमती अनुपमा विजय (शिक्षाविद) तथा श्रीमती मिताली अग्रवाल, अध्यक्ष — सशक्त नारी संस्थान भी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को माँ के महत्व, संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों के बारे में प्रेरणादायक संदेश दिए। डॉ सुमन चावला ने अपने संबोधन में कहा कि माँ बच्चों की पहली गुरु होती है और उनके संस्कार ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बनते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को पारिवारिक मूल्यों और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत, कविता, नृत्य और नाटक ने माँ के प्रति सम्मान और प्रेम की भावना को खूबसूरती से व्यक्त किया। कई प्रस्तुतियों ने दर्शकों की आँखें नम कर दीं और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय द्वारा अभिभावकों का विशेष सम्मान भी किया गया। अंबिका जी ने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे माता-पिता, विशेषकर माँ का सबसे बड़ा योगदान होता है। कार्यक्रम में अभिभावक को एवं विद्यार्थियों द्वारा ‘एक पौधा मां के नाम’ पहल के अंतर्गत पृथ्वी माता की संरक्षण के लिए भी पौधारोपण किया गया। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने का विश्वास दिलाया।
