
हनुमानगढ़। श्री अरूट जी महाराज की जयंती को इस वर्ष हनुमानगढ़ में विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में श्री अरोड़वंश सभा हनुमानगढ़ जंक्शन एवं श्री अरोड़वंश सभा हनुमानगढ़ टाउन की कार्यकारिणी तथा वरिष्ठ अरूटवंशीय समाजजनों की एक संयुक्त बैठक 8 मई 2026 को आयोजित की गई। बैठक में आगामी 30 मई 2026 को मनाई जाने वाली श्री अरूट जी महाराज की जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से आयोजित करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस वर्ष श्री अरूट जी महाराज की जयंती पर हनुमानगढ़ जंक्शन से हनुमानगढ़ टाउन तक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश दिया जा सके।
बैठक के दौरान जयंती समारोह एवं शोभायात्रा की समुचित व्यवस्था के लिए एक संयुक्त कमेटी का गठन भी किया गया। इस कमेटी में दोनों सभाओं के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं संरक्षक मंडल के सदस्यों को शामिल किया गया है। कमेटी को आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा तैयार करने तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि लंबे समय से समाज के कुछ सम्मानित प्रबुद्धजन संयुक्त रूप से श्री अरूट जी महाराज की जयंती पर शोभायात्रा निकालने के लिए प्रयासरत हैं। ऐसे समाजसेवियों एवं वरिष्ठजनों के योगदान की सराहना करते हुए निर्णय लिया गया कि नवगठित संयुक्त कमेटी उनसे संपर्क कर आवश्यक बैठक आयोजित करेगी तथा उनके सुझावों और प्रयासों को साथ लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करेगी।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जयंती समारोह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी है। इस आयोजन के माध्यम से समाज में आपसी सौहार्द, सहयोग और एकजुटता का संदेश दिया जाएगा। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, बैंड-बाजे और समाज के विभिन्न संगठनों की भागीदारी रहेगी।
बैठक में समाज के कई वरिष्ठ एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का विश्वास दिलाया। कार्यक्रम को लेकर समाजजनों में अभी से उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
इस अवसर पर राजेन्द्र मदान एवं आर.एल. तिन्ना ने संयुक्त रूप से कहा कि समाज की एकजुटता और सहयोग से इस बार श्री अरूट जी महाराज की जयंती ऐतिहासिक रूप से मनाई जाएगी तथा शोभायात्रा पूरे जिले में आकर्षण का केंद्र बनेगी।
श्रीअरोड़वंश सभा जंक्शन के सचिव मोहन मुंजाल व टाउन सचिव सतीश छाबड़ा ने सभी समाज के लोगों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उक्त आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
