
हनुमानगढ़। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति द्वारा जिले में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार के विरोध में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद संगठन पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जिले में फैल रहे चिट्टा एवं अन्य अवैध नशों के कारोबार पर सख्त रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि हनुमानगढ़ जिले के गांवों, ढाणियों और मोहल्लों तक अवैध नशे का कारोबार तेजी से फैल चुका है। नशे की गिरफ्त में लगातार युवा पीढ़ी आती जा रही है, जिससे सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है। संगठन का कहना था कि समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से आए दिन नशे के कारण युवाओं की मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
महिला समिति पदाधिकारी चन्द्रकला वर्मा ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक स्थानों, सुनसान जगहों और खाली पड़ी जगहों पर नशा करने वाले लोगों का जमावड़ा आम हो गया है। कई बार ऐसी जगहों पर युवाओं के शव भी मिलने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और नशा कारोबारियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि आमजन के बीच पुलिस और नशा कारोबारियों की सांठगांठ को लेकर चर्चा रहती है, जिससे पुलिस की छवि प्रभावित हो रही है। संगठन ने मांग की कि पुलिस प्रशासन अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाए तथा नशा तस्करों की सूचना देने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करे, ताकि आमजन बिना डर के पुलिस का सहयोग कर सकें।
धरने को संबोधित करते हुए महिला समिति नेता सर्वजीत कौर व कमला मेघवाल ने कहा कि संगठन लगातार जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है। महिलाओं और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा।
धरना प्रदर्शन में महिला समिति की चन्द्रकला वर्मा, सर्वजीत कौर, संगीता मंडल, प्रियंका मंडल, कमला मेघवाल, निर्मला, दाखा देवी, मूर्ति मक्कासर, संतोष, रानी, लीलावती, संतोष, जसवीर कौर सहित अन्य कार्यकर्ताओं उपस्थित रहे और जिले को नशामुक्त बनाने की मांग को लेकर प्रशासन से कठोर कदम उठाने की अपील की।
