
हनुमानगढ़। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रपति अवार्ड सर्टिफिकेट के लिए लक्ष्य अरोड़ा का चयन होने पर एस.आर.एम. इंटरनेशनल स्कूल में खुशी का माहौल है। लक्ष्य हनुमानगढ़ जिले के एकमात्र स्काउट हैं जिन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में स्कूल की प्रधानाचार्य ननीता मोंगा एवं समस्त स्टाफ ने लक्ष्य अरोड़ा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। इस अवसर पर शिक्षकों ने भी लक्ष्य की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
स्काउट लीडर गुलशन अरोड़ा ने बताया कि राष्ट्रपति अवार्ड सर्टिफिकेट के लिए भारत स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा 28 सितंबर 2024 को कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में देशभर के स्काउट्स ने भाग लिया था, जिसमें लक्ष्य अरोड़ा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपलब्धि प्राप्त की।
उन्होंने बताया कि लक्ष्य पिछले छह वर्षों से स्काउटिंग गतिविधियों से जुड़े हुए हैं और विभिन्न सामाजिक, सेवा एवं अनुशासनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।
इस अवसर पर लक्ष्य अरोड़ा ने कहा कि स्काउटिंग हमें आत्मनिर्भर बनाती है और जीवन में अनुशासन, सेवा भावना तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं स्काउट गाइड संगठन को दिया।
