
हनुमानगढ़। भादरा तहसील के गांव नेठराना में हुए 11 वर्षीय बालक अभिषेक शर्मा हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर ग्रामीणों और संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा जांच में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि 10 फरवरी 2026 को नेठराना गांव में 11 वर्षीय बालक अभिषेक शर्मा की निर्मम हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया था। घटना को तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस प्रशासन अब तक मामले का खुलासा नहीं कर पाया है। इससे क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस जघन्य हत्याकांड की जांच में जिले के दो पुलिस अधीक्षकों सहित 50 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी लगे हुए हैं, इसके बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि घटना के विरोध में क्षेत्र की जनता लगातार आंदोलनरत है तथा गोगामेड़ी थाने पर चार बार बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए जा चुके हैं। इसके अलावा करीब 35 दिनों तक अनिश्चितकालीन धरना भी चला, लेकिन प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन ही मिले।
संघर्ष समिति ने बताया कि मामले को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान पुलिस के डीजीपी एवं बीकानेर रेंज के आईजी से भी मुलाकात की थी। अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा भी किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। इससे लोगों में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर संदेह बढ़ता जा रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 30 मार्च 2026 को हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र मीणा ने संघर्ष समिति के साथ वार्ता कर 20 अप्रैल तक मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया था। समिति ने प्रशासन को 25 अप्रैल तक का समय देकर धरना और चक्का जाम स्थगित किया, लेकिन इसके बाद भी कोई परिणाम सामने नहीं आया।
ग्रामीणों ने कहा कि यह मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तथा राजस्थान विधानसभा में भी उठाया जा चुका है, इसके बावजूद न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आशंका जताई कि जांच में कहीं न कहीं गंभीर लापरवाही अथवा संभावित मिलीभगत हो सकती है।
ज्ञापन में मांग की गई कि अभिषेक शर्मा हत्याकांड का शीघ्र एवं निष्पक्ष खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए तथा किसी निर्दोष व्यक्ति को प्रताड़ित नहीं किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में जनआक्रोश और बढ़ सकता है।
