
हनुमानगढ़। भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI) द्वारा मलसीसर गांव के एक नाबालिग विद्यार्थी के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। जिला महासचिव वेद मक्कासर के नेतृत्व में संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने घटना पर गहरा रोष जताया।
ज्ञापन में बताया गया कि 10 मई 2026 को एक नाबालिग छात्र रजत शर्मा का रोडवेज बस कंडक्टर के साथ एक रुपये को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद बस कंडक्टर ने फोन कर कुछ बदमाशों को मलसीसर बस स्टैंड पर बुला लिया। जैसे ही छात्र बस से नीचे उतरा तो कंडक्टर और उसके साथ आए लोगों ने छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
डीवाईएफआई नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी प्रवृत्ति के लोग खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और उन्हें प्रशासन का कोई भय नहीं है। ज्ञापन में हाल ही में नेठराणा गांव में एक बच्चे की हत्या का भी उल्लेख किया गया, जिसमें अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की गई।
संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि छात्र के साथ हुई मारपीट से सर्व समाज में भारी रोष व्याप्त है और यदि समय रहते आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित छात्र को न्याय दिलाने तथा जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने वालों में बिंटू चौटाला, विक्रम कुमार ,दिनेश ,राजेंद्र कुमार, विनोद सहजीपुरा एडवोकेट ,संदीप एडवोकेट, रामनिवास, नवीन कुमार, बलकरण सिंह, कपिल, मोनू, सुरेश सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
