
हनुमानगढ़। टाउन पुलिस ने 2 अलग-अलग कार्रवाई में हथियारों के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 देसी पिस्टल, 1 देसी बंदूक और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहली कार्रवाई लखूवाली चौकी प्रभारी किशोर सिंह ने की। गश्त के दौरान उन्होंने एनडीआर नहर पुलिया के पास रोही चक 28 एनडीआर क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध .32 बोर की देसी पिस्टल बरामद हुई। आरोपी की पहचान चक 28 एनडीआर निवासी 19 वर्षीय मुकेश उर्फ मुकिया के रूप में हुई। उसे गिरफ्तार कर टाउन थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
हथियारों की सप्लाई चेन के बारे में की जा रही जांच दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने रोही चक 25 एनडीआर चौराहा से जयपाल (35) को गिरफ्तार किया। वह चक 21 एनडीआर, रोही चौहिलांवाली का निवासी है। उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर की देसी बंदूक और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने जयपाल के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
दोनों मामलों की जांच अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध हथियारों की सप्लाई चेन और उनके उपयोग के संबंध में भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में एएसआई किशोर सिंह के साथ कॉन्स्टेबल रामनारायण और राकेश कुमार भी शामिल थे।
