
हनुमानगढ़। गैस सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान एक उपभोक्ता बुधवार को अपने बेटे के सिर पर खाली गैस सिलेंडर रखकर जिला कलक्ट्रेट पहुंच गया। उपभोक्ता ने जिला रसद अधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए जल्द गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने की मांग की। हनुमानगढ़ टाउन निवासी लेखराम योगी ने बताया कि वह पिछले करीब आठ दिनों से गैस सिलेंडर भरवाने के लिए परेशान हो रहा है। घर में उपयोग किया जा रहा सिलेंडर तीन दिन पहले ही खाली हो चुका है। यह सिलेंडर करीब दो माह पहले भरवाया गया था। लेखराम योगी के अनुसार उसने करीब एक सप्ताह पहले गैस डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों से नया सिलेंडर मांगा था। उस समय कर्मचारियों ने गैस सिलेंडर खत्म होने की बात कहते हुए अगले दिन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। बुधवार को उसने दोबारा गैस वितरण वाहन पर मौजूद कर्मचारियों से संपर्क किया तो उसे बालाजी गैस एजेंसी जाने के लिए कहा गया। एजेंसी पहुंचने पर वहां मौजूद कर्मचारियों ने उसे गोदाम भेज दिया। गोदाम पहुंचने पर उसे बताया गया कि उसका कनेक्शन अब जंक्शन स्थित कुलडिय़ा गैस एजेंसी में ट्रांसफर कर दिया गया है और सिलेंडर लेने के लिए उसे करीब आठ किलोमीटर दूर हनुमानगढ़ जंक्शन जाना पड़ेगा। इस पर परेशान होकर लेखराम योगी अपने बेटे के साथ खाली सिलेंडर लेकर जिला कलक्ट्रेट पहुंच गया और जिला रसद अधिकारी से शिकायत की। लेखराम योगी ने आरोप लगाया कि बिना सूचना दिए उसकी गैस एजेंसी बदल दी गई, जिसके कारण उसे घंटों तक खाली सिलेंडर लेकर इधर-उधर भटकना पड़ा। उसने कहा कि चार घंटे तक एजेंसी और गोदाम के चक्कर लगाने के बावजूद उसे गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया। अधिकारियों ने उसे एक बार कुलडिय़ा गैस एजेंसी से सिलेंडर भरवाने तथा बाद में समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया।
