
हनुमानगढ़। आबकारी निरोधक दल ने बुधवार को संगरिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। टीम ने नगराना टोल प्लाजा के पास एक 12 चक्का ट्रक को पकडक़र 1070 कार्टन शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपए बताई जा रही है। आबकारी निरोधक दल संभाग बीकानेर के उपायुक्त पोमाराम रोहिण ने बताया कि ईपीएफ टीम ने कार्रवाई के दौरान ट्रक नम्बर जीजे 25 यू 4332 को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रक में अरण्डी के छिलकों से भरी बोरियों के नीचे गुप्त तरीके से शराब छिपाई हुई मिली। जांच में ट्रक से फॉर सेल इन पंजाब ऑनली अंकित पंजाब निर्मित शराब बरामद की गई। जब्त शराब में रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 450 कार्टन, रॉयल स्टेग व्हिस्की के 180 कार्टन तथा ऑल सीजन व्हिस्की के 440 कार्टन शामिल हैं। कुल 1070 कार्टनों में 12840 बोतलें बरामद हुईं। कार्रवाई के दौरान टीम ने मंगलाराम (49) पुत्र धन्नाराम बिश्नोई निवासी सरनाऊ पीएस सांचौर जिला जालोर को गिरफ्तार किया। वहीं अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त 12 चक्का ट्रक भी जब्त कर लिया गया। मामले की आगे की जांच ईपीएफ संगरिया के पीओ विनोद सिंह कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि शराब की यह खेप पंजाब से गुजरात तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी।
