
हनुमानगढ़। भारत रत्न, ज्ञान के प्रतीक डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल को जंक्शन में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह समिति की ओर से सर्व समाज के सहयोग से जयंती समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह के उपरांत बची हुई जनसहयोग राशि को सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यांे में उपयोग करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में 15500 रुपए बौद्ध विहार, जंक्शन को तथा 15500 रुपए गुरु श्री रविदास महाराज गुरुघर, जंक्शन में कुर्सियों के लिए प्रदान किए गए। शेष बची 50 हजार रुपए की राशि को शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से सुरक्षित रखा गया था, ताकि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के ‘सबको शिक्षा मिले’ के मूल मंत्र को आगे बढ़ाया जा सके। इसी क्रम में बुधवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, वार्ड नम्बर 30, में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। साथ ही बच्चों को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जीवनी भी भेंट की गई, ताकि वे शिक्षा के महत्व को समझें और प्रेरित हों। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष दलीप मीणा, कोषाध्यक्ष डॉ. ओपी मोसलपुरिया, सुरेंद्र खटीक, हेमचंद्र, समाजसेवी राजेश दादरी, प्राचार्य दीपक बारोटिया, राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) के जिलाध्यक्ष सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
