
हनुमानगढ़। नाबालिग के साथ हुई मारपीट के गंभीर मामले में भादरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस कंडक्टर सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। इस प्रकार अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें दो सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध संगठित अपराध, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई ने बताया कि 8 मई को परिवादी की ओर से दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, उसका नाबालिग पुत्र बस संख्या आरजे 10 पीए 7251 में सवार होकर अपने गांव मलसीसर लौट रहा था। नाबालिग ने बस कंडक्टर हरपाल को किराया देने के बाद टिकट मांगी, जिस पर कंडक्टर गाली-गलौज करने लगा। नाबालिग की ओर से विरोध करने पर बस में मौजूद गांव का ही भगवानाराम पुत्र चुन्नीराम जाट भी विवाद में कूद पड़ा और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगा। बस में मौजूद यात्रियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। इसके बाद भगवानाराम ने फोन कर अपने साथियों को मलसीसर बस अड्डे पर बुला लिया। जैसे ही बस गांव पहुंची, आरोपियों ने बस के आगे गाड़ी लगाकर उसे रुकवा लिया। भगवानाराम ने नाबालिग का कॉलर पकडक़र उसे बस से नीचे उतारा और वहां मौजूद राकेश, प्रदीप, मानसिंह तथा अन्य युवकों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान लोहे की रॉड से रजत के चेहरे और नाक पर वार किए गए, जिससे उसके नाक से खून बहने लगा। मारपीट में उसके मुंह, आंखों, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मामले में भादरा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच एएसआई महेन्द्र कुमार के सुपुर्द की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम सरदारशहर आगार के परिचालक हरपाल सिंह (48) पुत्र गाडाराम मेघवाल निवासी रावताला की ढाणी रोही गोविंददास पुरा तहसील खेतड़ी जिला झुंझनू के अलावा रोहिताश कुमार उर्फ रोहताश (26) पुत्र दीपचन्द जाट निवासी कलाना, राकेश कुमार (40) पुत्र चुन्नीराम जाट निवासी मलसीसर को गिरफ्तार किया। इससे पूर्व इस प्रकरण में भगवानाराम (40) पुत्र चुन्नीराम जाट, प्रदीप कुमार (32) पुत्र महेन्द्र कुमार जाट, मानसिंह (54) पुत्र लादूराम सुथार और चुन्नीराम (62) पुत्र रामलाल जाट सभी निवासी गांव मलसीसर को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। सभी सातों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। इनमें से कोर्ट के आदेश पर आरोपी चुन्नीराम को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया जबकि शेष छह आरोपियों का 15 मई तक पीसी रिमांड हासिल किया गया। पुलिस के अनुसार विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए रोडवेज कंडक्टर हरपाल सिंह के विरुद्ध दुराचार रिपोर्ट भेजी गई है, जबकि जिला पूल कलक्ट्रेट हनुमानगढ़ में कार्यरत चालक भगवानाराम के निलंबन की अनुशंसा पहले ही संबंधित विभाग को भेजी जा चुकी है। पुलिस ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
