
हनुमानगढ़। मलसीसर गांव के 16 वर्षीय बालक रजत शर्मा पर जानलेवा हमले के विरोध में सर्व ब्राह्मण महासभा ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में घटना को अमानवीय, शर्मनाक और समाज को कलंकित करने वाली बताया गया। महासभा के जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने बताया कि 8 मई को भादरा तहसील के मलसीसर गांव निवासी नाबालिग रजत शर्मा पर रोडवेज बस में यात्रा के दौरान कंडक्टर सहित हमलावरों ने संगठित होकर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने रजत शर्मा को बस से नीचे उतारकर उसके साथ बर्बर मारपीट की। घायल रजत शर्मा का वर्तमान में चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। एक नाबालिग बच्चे के साथ इस प्रकार की क्रूर हिंसा किसी भी सभ्य समाज के लिए अत्यंत निंदनीय है। घटना को लेकर क्षेत्र की जनता एवं ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। संगठन ने मांग की कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ संगीन धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाए ताकि समाज में कानून का भय बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि रोडवेज बस के कंडक्टर ने रजत शर्मा को उसके गंतव्य स्थान पर नहीं उतारकर कथित रूप से हमलावरों की योजना के अनुसार घटना स्थल पर उतारा, जिससे घटना को अंजाम देने में सहयोग मिला। इस कारण कंडक्टर के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई करने की मांग की गई। इसके अलावा ज्ञापन में एक रोडवेज चालक के जिला पूल में कार्यरत होने का उल्लेख करते हुए उसे तत्काल हटाने की मांग की गई। संगठन ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 जोडऩे की भी मांग उठाई। ब्राह्मण महासभा ने प्रशासन से मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस मौके पर खुशीराम गौड़, सुरेश शर्मा, विजय शर्मा, हंसराज शर्मा, मनोज शर्मा, महेन्द्र शर्मा, राजीव मिश्रा, नरेश कुमार, मूलचंद्र शर्मा, मदन पारीक, विनोद शर्मा, दयाराम शर्मा, विनोद जोशी, सांवरमल शर्मा, राकेश पारीक, हिमांशु शर्मा, राहुल शर्मा, यादवेन्द्र शर्मा, रतनलाल शास्त्री, लोकराज शर्मा, पवन बबेरवाल, दीनदयाल तिवाड़ी, ब्रह्मानंद पारीक, रमेश कौशिक, विनीत शर्मा, बेगराज शर्मा, जितेन्द्र कुमार, अखिलेश कौशिक, सूर्य प्रकाश जोशी, जेपी शर्मा, कैलाश शर्मा, महेश शर्मा, विश्वामित्र शर्मा मौजूद रहे।
