
भादरा क्षेत्र के मलसीसर गांव में नाबालिग छात्र से मारपीट के मामले में पुलिस ने रोडवेज बस कंडक्टर सहित 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
यह मामला 8 मई को सामने आया था, जब मलसीसर निवासी एक व्यक्ति ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार उनका नाबालिग बेटा रोडवेज बस से गांव लौट रहा था। बस में टिकट को लेकर कंडक्टर हरपाल सिंह से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि टिकट मांगने पर कंडक्टर ने छात्र के साथ गाली-गलौज की। इसी दौरान बस में मौजूद भगवानाराम नामक व्यक्ति भी विवाद में शामिल हो गया और छात्र से मारपीट करने लगा।
रिपोर्ट के मुताबिक मलसीसर बस स्टैंड पर बस रुकवाकर कुछ लोगों ने छात्र को बस से नीचे उतार लिया। इसके बाद लोहे की रॉड और लात-घूंसों से उस पर हमला किया गया, जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया था।
घटना के बाद एसपी नरेंद्र सिंह मीना के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने रोडवेज कंडक्टर हरपाल सिंह, रोहिताश कुमार उर्फ रोहताश और राकेश कुमार को गिरफ्तार किया। इससे पहले भगवानाराम, प्रदीप कुमार, मानसिंह और चुन्नीराम को भी गिरफ्तार किया जा चुका था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से छह आरोपियों को 15 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि रोडवेज कंडक्टर हरपाल सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। वहीं, मुख्य आरोपी भगवानाराम के खिलाफ भी संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है। मामले की जांच अभी जारी है।
