
श्रीगंगानगर।अनूपगढ़ क्षेत्र के 30-एपीडी निवासी बुजुर्ग रणजीतसिंह का आज खोया एक बैग टेंपो चालक की ईमानदारी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूर्ण रूप से सलामत हालत में वापस मिल गया। इस घटना में टेंपो चालक की सच्चाई और हेड कांस्टेबल सुभाष गोदारा की सेवा भावना ने सभी को प्रभावित किया है। रणजीत सिंह ने आज पुरानी आबादी थाना में आकर बताया कि उनका एक बैग अनजाने में टेंपो में छूट गया है। बैग में उनके इलाज की पर्चियां, पहचान पत्र (आईडी), नगदी राशि तथा अन्य जरूरी सामान रखे हुए थे। बुजुर्ग की इस परेशानी को सुनते ही हेड कांस्टेबल सुभाष गोदारा ने सबसे पहले टेंपो यूनियन के व्हाट्सएप ग्रुप में संदेश भेजकर बैग की तलाश में सहयोग की अपील की। तभी टेंपो चालक राजकुमार का फोन बुजुर्ग रणजीतसिंह के मोबाइल नंबर पर आ गया। यह नंबर बैग के अंदर रखी पर्चियों पर लिखा हुआ था। हेड कांस्टेबल सुभाष गोदारा ने फोन अटेंड किया।टेंपो चालक राजकुमार ने बताया कि उन्होंने बैग को सुखाड़िया सर्किल स्थित चाय के खोखे पर रख दिया है। इस पर हेड कांस्टेबल सुभाष गोदारा तुरंत सुखाड़िया सर्किल पहुंचे और बैग को चाय वाले खोखे से बरामद किया। बैग पूरी तरह सुरक्षित और सलामत हालत में था।बैग को तुरंत रणजीतसिंह को सौंप दिया। बुजुर्ग रणजीत सिंह ने राहत की सांस ली और टेंपो चालक राजकुमार तथा हेड कांस्टेबल सुभाष गोदारा -की तारीफ की।
